BAGHPAT DESK : बड़ौत क्षेत्र के बडावद गांव निवासी विजय कुमार शर्मा ने 59 साल की उम्र में शिक्षक बनने का अपना 27 साल पुराना सपना पूरा कर लिया।
वर्ष 1999 से शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विजय ने टीजीटी की लिखित परीक्षा छह बार और पीजीटी की परीक्षा चार बार पास की, लेकिन करीब आठ बार साक्षात्कार में चयन नहीं हो सका।
इस बार साक्षात्कार खत्म होने से विजय का टीजीटी संस्कृत पद पर चयन हो गया। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें नियुक्ति पत्र दिया।
विजय 26 साल तक निजी स्कूलों में हिंदी और संस्कृत पढ़ाते रहे। लगातार असफलताओं के बावजूद उन्होंने तैयारी नहीं छोड़ी और आखिरकार 59 साल की उम्र में अपने सपने को साकार कर दिखाया।
Baghpat, Bagpat | Sep 26, 2026