मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कनघट्टी ग्रिड पर शनिवार शाम मेंटेनेंस कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आउटसोर्स बिजली कर्मचारी 25 वर्षीय गोपाल कुमावत करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद उन्हें तत्काल मंदसौर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रविवार को बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद रेफर किया गया। गोपाल के हाथ, सीना, पेट, कमर और कंधे सहित शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं। घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने बिजली वितरण कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए घायल कर्मचारी के इलाज का पूरा खर्च कंपनी से उठाने और निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं बिजली विभाग की ओर से फिलहाल हादसे के कारणों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।