40 वर्षों से कच्ची शराब के कारोबार का आरोप, ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई बंद कराने की गुहार
यूनाइटेड भारत बारा
मनोज कुमार बिन्द
प्रयागराज। यमुनानगर के घूरपुर थाना क्षेत्र और करमा चौकी के अंतर्गत आने वाली पंवर ग्राम सभा के मजरा सुक्खू का पूरा गांव में कच्ची शराब और जुए के कथित कारोबार को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने एकजुट होकर पुलिस प्रशासन, आबकारी विभाग और प्रदेश सरकार से गांव में चल रहे अवैध कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सुक्खू का पूरा गांव में पिछले करीब 40 वर्षों से कच्ची शराब बनाने और बेचने का धंधा कथित रूप से चल रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव में खुलेआम कच्ची शराब तैयार की जाती है और आसपास के अन्य गांवों से भी लोग शराब पीने के लिए यहां पहुंचते हैं। इससे गांव का माहौल लगातार खराब हो रहा है और आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव में ब्याज के पैसे पर जुआ खिलाया जाता है। जुए की लत के कारण कई परिवार आर्थिक संकट की चपेट में आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शराब के नशे में कुछ लोग महिलाओं और युवतियों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज तथा अशोभनीय व्यवहार करते हैं। बाहरी लोगों की आवाजाही के कारण गांव में भय और अशांति का माहौल बना हुआ है।
समस्या से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में कच्ची शराब का निर्माण और बिक्री पूरी तरह बंद कराने तथा जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों ने थाना घूरपुर, करमा चौकी, आबकारी विभाग के अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत कर कार्रवाई की मांग किए जाने की बात कही है।
ग्रामीणों ने कहा कि वे अपने गांव को नशामुक्त और शांतिपूर्ण बनाना चाहते हैं। उन्होंने सरकार और प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की है। इस दौरान राजनाथ बिंद, मिठाई लाल, करन, शिव पूजन, उषा देवी, मंजू देवी, मालती देवी और भारत लाल सहित पंवर ग्राम सभा के कई ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन गंभीरता से कार्रवाई करता है तो गांव में लंबे समय से चली आ रही इस समस्या से लोगों को राहत मिल सकती है।
Bara, Allahabad | Aug 24, 2026