प्रेस विज्ञप्ति
* माननीय मुख्यमंत्री ने किया रूफटॉप सोलर योजना का शुभारंभ*
*कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर लगेंगे रूफटॉप सोलर संयंत्र*
बिहार सरकार द्वारा गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वच्छ, सस्ती एवं निर्बाध ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत राज्य के 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की योजना का शुभारंभ किया गया।
रविवार को अपराह्न 4:00 बजे विद्युत भवन, पटना से माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा ऑनलाइन माध्यम से 1512 करोड़ रुपये की लागत से 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र अधिष्ठापन कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर ऊर्जा क्षेत्र से संबंधित 1278.03 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास, कार्यारंभ, उद्घाटन एवं लोकार्पण भी किया गया।
अरवल जिले में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी अरवल, श्रीमती अमृषा बैंस, अपर समाहर्ता श्री रवि प्रसाद चौहान ,जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा विद्युत विभाग के पदाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की ।
योजना के अंतर्गत चयनित बीपीएल एवं कुटीर ज्योति श्रेणी के उपभोक्ताओं के घरों की छत पर 1.1 किलोवाट क्षमता का ग्रिड कनेक्टेड रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किया जाएगा। लाभुकों को इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा। सोलर संयंत्र की स्थापना, संचालन एवं रखरखाव का कार्य चयनित एजेंसियों द्वारा किया जाएगा।
इस सोलर संयंत्र से प्रत्येक लाभार्थी परिवार को प्रतिमाह औसतन 125 यूनिट बिजली उत्पादन का लाभ प्राप्त होगा। इससे घरेलू बिजली की आवश्यकता की पूर्ति आसान होगी तथा गरीब परिवारों के बिजली व्यय में कमी आएगी। साथ ही उन्हें स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा का लाभ भी मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यह योजना न केवल गरीब परिवारों को ऊर्जा सुरक्षा प्रदान करेगी, बल्कि राज्य में अक्षय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को भी मजबूती देगी।
बिहार सरकार का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक इस योजना का लाभ पहुंचाकर उन्हें ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया जाए तथा स्वच्छ ऊर्जा आधारित विकास को गति प्रदान की जाए।
Arwal, Bihar | Jun 15, 2026