सुन्दरनगर के CRC में जरूरतमंद हिमाचलियों को मुफ्त मिलेंगे सहायक उपकरण
गोहर:-संजीव कुमार
हिमाचल प्रदेश के असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को सरकार की ओर से सुन्दरनगर स्थित CRC (कम्पोजिट रीजनल सेंटर) के माध्यम से विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण और सामग्री निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता राजेन्द्र कुमार भारद्वाज ने लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास रहने वाले जरूरतमंद लोगों को इस सुविधा के प्रति जागरूक करें, ताकि पात्र लोग इसका लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को सुविधा का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड की फोटो कॉपी, एक पासपोर्ट साइज फोटो तथा प्रधान द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। आय प्रमाण पत्र में वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये से कम होनी चाहिए।
वहीं, 60 वर्ष से कम आयु के जरूरतमंद लोगों को उपरोक्त दस्तावेजों के साथ UDID कार्ड या बस पास भी प्रस्तुत करना होगा।
इच्छुक एवं पात्र व्यक्ति सुन्दरनगर में मलोह रोड पर महामाया मंदिर के साथ स्थित CRC केंद्र में संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए सामाजिक कार्यकर्ता राजेन्द्र कुमार भारद्वाज से मोबाइल नंबर 9857002222 और 8988700456 पर संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने आम जनता से आग्रह किया कि इस जानकारी को अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस निःशुल्क सुविधा से वंचित न रहे।
Mandi, Mandi | Oct 23, 2026