🔳जिले की सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित हुए कन्या पूजन एवं कन्या भोज, बेटियों के अभिभावकों को भी किया गया सम्मानित
🔳कटनी - कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मिशन शक्ति की बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बालिका सशक्तिकरण के लिए निरंतर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय गतिविधियों का समापन कन्या पूजन एवं कन्या भोज के साथ किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बेटियों के सम्मान, उनके अधिकारों और समाज में उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री अब्दुल गफ्फार के निर्देशन एवं सहायक संचालक सुश्री वनश्री कुर्वेती के संयोजन में जिले के सभी 1713 आंगनवाड़ी केंद्रों में कन्या पूजन एवं कन्या भोज आयोजित किए गए। इस दौरान बालिकाओं को तिलक लगाकर और चुनरी भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके लिए विशेष रूप से तैयार पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई।
*बेटियों के अभिभावकों का किया सम्मान*
बालिकाओं के जन्म के प्रति समाज में सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक या दो बेटियों वाले परिवारों में परिवार नियोजन अपनाने वाले दंपत्तियों का सम्मान किया गया। उन्हें फूलमाला पहनाकर प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर अभिभावकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बेटियों के अभिभावक होने पर मिले सम्मान को बालिका सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
*सप्ताहभर आयोजित हुईं जागरूकता गतिविधियां*
अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिले के सभी विकासखंडों में बाल विवाह की रोकथाम, बालिका अधिकारों के संरक्षण और बालिकाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें बालिका के जन्म पर परिजनों का सम्मान, कन्या छात्रावासों में रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं के माध्यम से जागरूकता, विद्यालयों में पॉक्सो अधिनियम और चाइल्ड हेल्पलाइन के संबंध में प्रशिक्षण तथा कन्या पूजन जैसी गतिविधियां शामिल रहीं।
इन आयोजनों के माध्यम से बालिकाओं को सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का संदेश दिया गया।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी
Katni, Madhya Pradesh | Oct 16, 2026