बिना नंबर प्लेट और छेड़छाड़ वाली नंबर प्लेट पर पंचकूला पुलिस का सख्त एक्शन: 7 माह में 7772 चालान, 431 वाहन इंपाउंड
पंचकूला/ 11 अगस्त:- जिला पंचकूला में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, पारदर्शी और अपराध नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार ट्रैफिक पुलिस द्वारा बिना नंबर प्लेट तथा निर्धारित पैटर्न के विपरीत नंबर प्लेट का उपयोग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक स्तर पर कार्रवाई जारी है। पुलिस की इस विशेष कार्रवाई के तहत बीते सात माह के दौरान कुल 7772 वाहनों के चालान किए गए हैं, जबकि नियमों की गंभीर अवहेलना करने वाले 431 वाहनों को इंपाउंड भी किया गया है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार यह कार्रवाई जिलेभर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, पुलिस की मैनुअल चेकिंग तथा समय-समय पर चलाए गए विशेष ट्रैफिक अभियानों के माध्यम से की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमें नियमित रूप से विभिन्न क्षेत्रों में वाहन जांच कर रही हैं और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिला में बिना नंबर प्लेट, नंबर प्लेट को मिट्टी, टेप अथवा अन्य माध्यम से छिपाकर वाहन चलाने वाले चालक अब पुलिस की कार्रवाई से बच नहीं पाएंगे। अक्सर देखा गया है कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्ति अपनी पहचान छिपाने और पुलिस की निगरानी से बचने के ऐसे तरीके अपनाते है ऐसे वाहनों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी अभियान और तेज किया जाएगा।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक ने आमजन, विशेष रूप से युवा वर्ग से अपील करते हुए कहा कि सभी वाहन चालक अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुसार स्पष्ट और वैध नंबर प्लेट अवश्य लगाएं तथा उसे किसी भी प्रकार से ढकने या छिपाने का प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है तथा नियमों का पालन करना प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है।