बांदा में अवैध कटान रोकने और वृक्षारोपण में पारदर्शिता की मांग, जिला वनाधिकारी को सौंपा छह सूत्रीय ज्ञापन
बांदा। जनपद में लगातार हो रही अवैध पेड़ों की कटाई और बढ़ती भीषण गर्मी को लेकर "जल, जंगल, पहाड़ बचाओ अभियान (सेव द बांदा कैंपेन)" के बैनर तले जागरूक नागरिकों ने जिला वनाधिकारी को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में हरे पेड़ों की कटाई पर पूर्ण रोक, विकास कार्यों में काटे गए पेड़ों की भरपाई, पंडित जे.एन. डिग्री कॉलेज में हुई पेड़ों की कटाई की जांच व दोषियों पर कार्रवाई, तथा 5 जून और 12 जुलाई को हुए वृक्षारोपण अभियान की ग्राम पंचायतवार जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की गई।
अभियान से जुड़े वक्ताओं ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा, सिंचाई और निगरानी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि अवैध कटान पर जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो इस मुद्दे पर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
कार्यक्रम में सुरेंद्र मिश्रा, अभिषेक शुक्ला, लव सिन्हा, यश त्रिवेदी, अमित यादव, साजिद अली, कार्तिक आनंद, अरविंद श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में जागरूक नागरिक मौजूद रहे।
UP 90 Creator
#Banda #SaveBanda #TreePlantation #Environment
Banda, Banda | Jul 16, 2026