बांदा में अवैध कटान रोकने और वृक्षारोपण में पारदर्शिता की मांग, जिला वनाधिकारी को सौंपा छह सूत्रीय ज्ञापन
बांदा। जनपद में लगातार हो रही अवैध पेड़ों की कटाई और बढ़ती भीषण गर्मी को लेकर "जल, जंगल, पहाड़ बचाओ अभियान (सेव द बांदा कैंपेन)" के बैनर तले जिले के जागरूक नागरिकों ने जिला वनाधिकारी को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में हरे पेड़ों की कटाई पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, विकास कार्यों में काटे गए पेड़ों की भरपाई सुनिश्चित करने तथा पंडित जे.एन. डिग्री कॉलेज में काटे गए वृक्षों के मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही 5 जून को लगाए गए 8.58 लाख पौधों तथा 12 जुलाई के महावृक्षारोपण अभियान के तहत लगाए गए पौधों का ग्राम पंचायतवार विवरण और उनकी वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करने की भी मांग उठाई गई।
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुरेंद्र मिश्रा ने कहा कि जिले में हो रही अवैध कटाई पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए। पत्रकार अभिषेक शुक्ला ने चेतावनी दी कि यदि वन विभाग ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो इस मुद्दे पर बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
छात्र लव सिन्हा ने वन माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष समिति गठित करने की मांग की। साजिद अली और अमित यादव ने कहा कि वन विभाग केवल पौधारोपण तक सीमित न रहे, बल्कि पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और निगरानी भी सुनिश्चित करे।
छात्रनेता शमशेर यादव और कार्तिक आनंद ने कहा कि यदि अवैध कटाई नहीं रुकी, तो बांदा का पर्यावरण गंभीर संकट में पड़ जाएगा और इसका असर व्यापार व जनजीवन पर भी पड़ेगा। पत्रकार अरविंद श्रीवास्तव ने भीषण गर्मी से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा उठाया, जबकि यश त्रिवेदी ने मुख्यमंत्री से बांदा के पर्यावरण संरक्षण के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन लव सिन्हा ने किया। इस अवसर पर सुरेंद्र मिश्रा (पप्पू), सुनील सक्सेना, अभिषेक शुक्ला, राहुल द्विवेदी, अरविंद श्रीवास्तव, लव सिन्हा, यश त्रिवेदी, अमित यादव, ओम राजपूत, साजिद अली, अभिषेक शुक्ला (अंश), शिवा शुक्ला, कार्तिक आनंद, विक्की यादव, लियाकत अली, अमित वर्मा, सूरज वर्मा, सूरज सिंह, आशाराम, संजय बाबू पाल, अरविंद सिंह, हर्षित श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में जागरूक नागरिक मौजूद रहे।
UP 90 Creator
#Banda #SaveBanda #TreePlantation #Environment
Banda, Banda | Jul 16, 2026