महिला के 'अपहरण' की सूचना निकली झूठी, पुलिस जांच में सामने आई हकीकत...
ग्वालियर के बिजौली थाना क्षेत्र में महिला के कथित अपहरण की सूचना ने पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मचा दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर पांच लोगों को हिरासत में लिया, लेकिन जांच के दौरान मामला अपहरण नहीं बल्कि पारिवारिक विवाद का निकला। पुलिस के मुताबिक पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद महिला को ससुराल पक्ष मायके छोड़ने ले जा रहा था, जिसे ग्रामीणों ने संदिग्ध मानकर अपहरण की आशंका जताई और पुलिस को सूचना दे दी। पूछताछ में पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने के बाद पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति, देवर और एक अन्य आरोपी के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।