रात्री गश्त में पुलिस की मानवता, घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान
पिछोर। शिवपुरी पुलिस की रात्रि गश्त के दौरान मानवता और तत्परता की मिसाल सामने आई। एसडीओपी पिछोर प्रमोद शाक्य ने पिछोर-मायापुर रोड पर सड़क दुर्घटना में घायल अवस्था में पड़े व्यक्ति को तत्काल अपने वाहन से पिछोर अस्पताल पहुंचाकर उसका उपचार शुरू कराया।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने और सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस द्वारा ‘राहगीर योजना’ के तहत दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर चिकित्सा सहायता दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार 03-04 अक्टूबर 2026 की रात एसडीओपी पिछोर प्रमोद शाक्य पुलिस बल के साथ रात्रि गश्त पर निकले थे। पिछोर से मायापुर की ओर जाते समय उन्हें सड़क पर एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। दुर्घटना हाल ही में हुई थी और घायल को तत्काल सहायता की आवश्यकता थी।
एसडीओपी प्रमोद शाक्य ने बिना देर किए अपने हमराह पुलिस बल के साथ घायल के पास पहुंचकर उसे सड़क से उठाया और उसकी स्थिति की जानकारी ली। घायल ने अपना नाम जयराम पाल बताया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल उसे वाहन से पिछोर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार शुरू किया गया।
पुलिस द्वारा घायल के परिजनों से भी संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी गई और अस्पताल में भर्ती होने की सूचना दी गई।
समय पर पुलिस सहायता मिलने से घायल को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी। इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी पिछोर श्री प्रमोद शाक्य एवं उनके साथ मौजूद पुलिस बल की सराहनीय भूमिका रही।