खिमलासा में मंदिर चोरी का खुलासा, 4.90 लाख के जेवर बरामद
सागर/खिमलासा। थाना खिमलासा क्षेत्र के प्रसिद्ध नारायणी माता मंदिर में हुई करीब 4.90 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का मशरूका बरामद किया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला था। �
पुलिस के अनुसार 21 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोर मंदिर के मुख्य गेट एवं गर्भगृह का ताला तोड़कर माता रानी के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए थे। मामले में थाना खिमलासा में अपराध क्रमांक 153/26 के तहत BNS की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल, तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और CCTV फुटेज के विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस ने उद्यम उर्फ उदम सिंह यादव (34) निवासी ग्राम डोंगरा, थाना नाराहट, जिला ललितपुर (उत्तर प्रदेश) और उसके सहयोगी राजा यादव (31) निवासी कंजिया रोड, खिमलासा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों द्वारा जुर्म स्वीकार करने की बात सामने आई और उनके कब्जे से चोरी गए नारायणी माता के जेवर बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी उद्यम उर्फ उदम सिंह पूर्व में भी खिमलासा थाने के लूट के एक मामले में फरार था और उसके विरुद्ध अन्य थानों में भी अपराध दर्ज बताए गए हैं।
विशेष टीम की कार्रवाई में एसडीओपी बीना अजय सनकत, थाना प्रभारी खिमलासा निरीक्षक राधेश्याम पटेल सहित पुलिसकर्मियों और साइबर/मुखबिर तंत्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
#Khimlasa #SagarNews #TempleTheft #NarayaniMata #CrimeNews #MPPolice #SagarPolice #MadhyaPradeshNews
Malthon, Sagar | Aug 29, 2026