विश्व स्तनपान सप्ताह: टीलाखेड़ी आंगनवाड़ी केंद्र में गोदभराई एवं गर्भ संस्कार कार्यक्रम आयोजित, मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
..
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिलेभर में विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अभियान 7 सितंबर तक जारी रहेगा इसके अंतर्गत सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती विनीता लोढ़ा के मार्गदर्शन में हर रोज कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है।इसी क्रम में आज वार्ड क्रमांक 39 स्थित टीलाखेड़ी आंगनवाड़ी केंद्र में गोदभराई एवं गर्भ संस्कार कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोदभराई की रस्म संपन्न कर उन्हें मातृत्व जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही गायत्री परिवार के सहयोग से आयोजित गर्भ संस्कार कार्यक्रम में गर्भावस्था के दौरान सकारात्मक सोच, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित दिनचर्या, मानसिक शांति और आध्यात्मिक वातावरण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि गर्भकाल में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने से माँ और शिशु दोनों के बेहतर स्वास्थ्य में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
इस अवसर पर गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को जन्म के तुरंत बाद नवजात को स्तनपान कराने, जन्म के पहले छह माह तक केवल माँ का दूध पिलाने तथा दो वर्ष या उससे अधिक समय तक पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखने के लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही माताओं को संतुलित पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा शिशु के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी प्रदान की गईं।
महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर श्रीमती क्षमा श्रीवास्तव ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि माँ का दूध शिशु के लिए सर्वोत्तम, सुरक्षित एवं संपूर्ण आहार है। यह शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ कुपोषण और विभिन्न संक्रमणों से उसकी रक्षा करता है। उन्होंने सभी माताओं से स्तनपान को प्राथमिकता देने और अन्य महिलाओं को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती बबीता गोकुल (टीलाखेड़ी-39), श्रीमती चेतना शाक्य (39/1) एवं श्रीमती बबीता कोरी (39/2) की सक्रिय सहभागिता रही। आयोजन का मुख्य उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री महिलाओं में स्तनपान, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाकर स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में प्रभावी पहल करना है। #vidisha
Vidisha, Madhya Pradesh | Aug 4, 2026