251 निर्धन बेटियों के हाथ होंगे पीले- मीका सिंह से लेकर बी प्राक तक पहुंचेंगे लक्सर,सामूहिक विवाह समारोह से पहले उमेश कुमार की भावुक अपील, विरोधियों को भी दिया जवाब
प्रिंस शर्मा रुड़की/हिंदुस्तान समाचार।।
रुड़की के लक्सर में आज एक ऐसा आयोजन होने जा रहा है, जिसमें 251 निर्धन परिवारों की बेटियां अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगी। खानपुर विधायक उमेश कुमार की ओर से लक्सर के पीपली में 251 निर्धन कन्याओं का भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए बॉलीवुड से लेकर राजनीति और आध्यात्मिक जगत की कई बड़ी हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। इस समारोह में मशहूर सिंगर मीका सिंह, बी प्राक, हरियाणवी गायक मासूम शर्मा, बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बॉडीगार्ड शेरा, शिक्षक एवं मोटिवेशनल स्पीकर अवध ओझा, आचार्य बालकृष्ण और आचार्य प्रमोद कृष्णम समेत कई चर्चित हस्तियों के शामिल होने की बात कही जा रही है लेकिन इस आयोजन की चर्चा सिर्फ बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी को लेकर ही नहीं, बल्कि इसके पीछे छिपे उस भावनात्मक उद्देश्य को लेकर भी हो रही है, जिसके तहत उन परिवारों की बेटियों का विवाह कराया जा रहा है, जो आर्थिक परिस्थितियों के चलते अपनी बेटियों की शादी करने में सक्षम नहीं थे। विधायक उमेश कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से क्षेत्रवासियों को इस भव्य समारोह में शामिल होने का निमंत्रण देते हुए भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन 251 परिवारों की खुशियों का अवसर है, जिनकी बेटियों के विवाह का सपना आर्थिक मजबूरियों के कारण अधूरा रह सकता था। वहीं इस आयोजन को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी पर भी उमेश कुमार ने बिना नाम लिए कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन पर निशाना साधा है। उमेश कुमार ने कहा कि कुछ लोग इस कार्यक्रम में आने वाले कलाकारों को लेकर सवाल उठा रहे हैं और कह रहे हैं कि कार्यक्रम में नाचने-गाने वाले लोग आ रहे हैं। उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि ये कलाकार बड़े-बड़े आयोजनों में शामिल होने के लिए करोड़ों रुपये तक की फीस लेते हैं, लेकिन उनके निमंत्रण पर वे उन बेटियों के विवाह समारोह में शामिल होने आ रहे हैं, जिनके माता-पिता आर्थिक रूप से सक्षम नहीं हैं। उमेश कुमार ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग मां-बहन की गालियां देने की राजनीति करते हैं, वे शायद इन परिवारों की भावनाओं और इन बेटियों के जीवन के इस सबसे महत्वपूर्ण पल का महत्व नहीं समझ पाएंगे।