जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में श्रावणी मेला क्षेत्र में लगाई जा रही दुकानों एवं शिविरों की विद्युत सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दुकानदारों एवं शिविर संचालकों द्वारा विद्युत आपूर्ति के लिए उपयोग किए जा रहे तारों तथा अन्य विद्युत व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई।
छापेमारी के क्रम में कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बांका द्वारा सात दुकानदारों एवं छः शिविरों में चाइनीज़ (अमानक) विद्युत तारों का उपयोग करते हुए पाया गया। मौके पर ही सभी चाइनीज़ तारों को जब्त कर लिया गया तथा संबंधित दुकानदारों एवं शिविर संचालकों को तत्काल ऐसे तारों का उपयोग बंद करने का निर्देश दिया गया। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि किसी भी दुकानदार अथवा शिविर में चाइनीज़ अथवा अमानक गुणवत्ता वाले विद्युत तारों का उपयोग पाया गया, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सभी दुकानदारों एवं शिविर संचालकों को स्पष्ट रूप से हिदायत दी गई कि वे विद्युत सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन करें तथा केवल अच्छी गुणवत्ता एवं मानक अनुरूप विद्युत तारों एवं उपकरणों का ही उपयोग करें। जिला पदाधिकारी ने कहा कि विद्युत व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए श्रावणी मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
Banka, Bihar | Jul 27, 2026