जिला शिक्षा अधिकारी ने कोलारस के शासकीय स्कूलों का किया औचक निरीक्षण, सुधार के दिए निर्देश
शिवपुरी- जिले में शिक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी ने गतदिवस कोलारस विकासखंड के शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों की पढ़ाई, स्वच्छता, मध्यान्ह भोजन और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया गया।
शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय कोलारस में 3 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। मॉडल उत्कृष्ट विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम मिली, जिस पर अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को स्कूल लाने के निर्देश दिए गए। शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय गोराटीला में भी 2 अतिथि शिक्षक अनुपस्थित मिले।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रभारियों को शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, गतिविधि आधारित शिक्षण, कमजोर छात्रों पर विशेष ध्यान और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासित वातावरण सर्वोच्च प्राथमिकता है।