थाने के सामने नाश्ता दुकान संचालक पर चली गोली, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती...
ग्वालियर के पड़ाव थाना क्षेत्र में थाने के ठीक सामने नाश्ता दुकान संचालक अशोक पाल पर बदमाशों ने गोली चला दी। फायरिंग में घायल अशोक को गंभीर हालत में अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पड़ाव थाना पुलिस और सीएसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। परिजनों ने दिनेश यादव, छोटू यादव समेत करीब आधा दर्जन लोगों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, आरोपी पक्ष की एक लड़की के जाने से नाराजगी के चलते हमला किया गया। हालांकि घटना की असली वजह और आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी। आरोपियों की तलाश के लिए शहर में चेकिंग और नाकाबंदी बढ़ाई गई है।