नशा मुक्ति भारत अभियान 2.0 के तहत शासकीय महाविद्यालय रिठौराकलां में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
भारत सरकार के नशा मुक्ति भारत अभियान 2.0 के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय रिठौरा कलां, जिला मुरैना में विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनसहभागिता सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. विवेकानंद झा के प्रेरणादायी उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ-साथ परिवार, समाज और राष्ट्र के समग्र विकास में भी गंभीर बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों तथा सकारात्मक सोच को अपने जीवन का आधार बनाएं।
डॉ. झा ने कहा कि युवा वर्ग देश की सबसे बड़ी शक्ति है और यदि युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करें, तो राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम का मुख्य व्याख्यान सहायक प्राध्यापक (राजनीतिशास्त्र) श्रीमती दीप्ति जादौन ने प्रस्तुत किया। उन्होंने नशा मुक्ति भारत अभियान 2.0 के उद्देश्यों एवं इसकी आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य युवाओं में जागरूकता, आत्मविश्वास, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा स्वस्थ जीवनशैली का विकास करना है। उन्होंने तंबाकू, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही बताया कि नशे की लत व्यक्ति की कार्यक्षमता, पारिवारिक संबंधों और सामाजिक प्रतिष्ठा को भी गंभीर रूप से प्रभावित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी देते हुए नियमित व्यायाम, योग, ध्यान, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा सकारात्मक संगति को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशे की लत से ग्रस्त है, तो उसे समय रहते परामर्श, चिकित्सा एवं पुनर्वास सेवाओं का लाभ लेकर सामान्य जीवन की ओर लौटने का प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशा मुक्ति से संबंधित अपने विचार व्यक्त किए तथा समाज में जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। अंत में उपस्थित सभी विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को नशा न करने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। सभी उपस्थितजनों ने नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने तथा इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्री रामकुमार अंजोरिया, डॉ. संगीता तोमर, डॉ. घनश्याम उच्चाडिया, डॉ. प्रीति सिकरवार सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित में नशामुक्त समाज के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
#JansamparkMP #Morena #morena2026 Jansampark Madhya Pradesh
Morena, Madhya Pradesh | Jul 20, 2026