सिरसा में नशे पर बड़ी कार्रवाई: तीन लाख नशीली गोलियों का पार्सल जब्त
- बठिंडा से मेडिकल स्टोर के नाम भेजी गई थी खेप, ड्राइवर हिरासत में; 24 घंटे में तीन छापों में 3.38 लाख से अधिक नशीली गोलियां-कैप्सूल बरामद
सिरसा।
सिरसा पुलिस ने जिले में मेडिकल नशे के नेटवर्क पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के बठिंडा से आए करीब तीन लाख नशीली गोलियों से भरे पार्सल को जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच के अनुसार यह पार्सल सिरसा के एक मेडिकल स्टोर के नाम बुक किया गया था। एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) ने सूचना के आधार पर शहर के जयदेव चौक के पास वाहन को रोककर पार्सल की जांच की, जिसमें भारी मात्रा में नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार चालक ने पूछताछ में कहा कि वह केवल बठिंडा से पार्सल लेकर आया था और उसे इसके अंदर क्या है, इसकी जानकारी नहीं थी। हालांकि पुलिस चालक की भूमिका पर भी संदेह जताते हुए पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच टीम चालक को लेकर बठिंडा भी पहुंची है ताकि पार्सल भेजने वाले और इसे मंगवाने वाले की पहचान की जा सके।
एएसपी आदर्शदीप सिंह के अनुसार पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
24 घंटे में तीन बड़ी कार्रवाई, मेडिकल नशे के कारोबार पर ताबड़तोड़ प्रहार
सिरसा पुलिस और ड्रग कंट्रोल विभाग ने पिछले 24 घंटे के दौरान जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 3.38 लाख से अधिक नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए हैं।
- पहली कार्रवाई: जयदेव चौक पर तीन लाख गोलियों का पार्सल जब्त
एएनसी टीम ने बठिंडा से आए पार्सल से करीब तीन लाख नशीली गोलियां बरामद कीं। पार्सल मेडिकल स्टोर के नाम भेजा गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इसका वास्तविक प्राप्तकर्ता कौन था।
- दूसरी कार्रवाई: मेडिकल संचालक के घर से 33,800 नशीली दवाइयां बरामद
सीआईए ऐलनाबाद और औषधि नियंत्रक विभाग की संयुक्त टीम ने गांव प्रताप नगर में मेडिकल संचालक लवप्रीत सिंह के घर पर छापा मारकर 23,510 टेपेंटाडोल गोलियां और 10,290 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद किए। बरामद दवाइयों की कीमत करीब 6.50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी गांव संत नगर में मेडिकल स्टोर संचालित करता है।
- तीसरी कार्रवाई: कन्फेक्शनरी की दुकान से 5,100 नशीली गोलियां-कैप्सूल
सीआईए सिरसा पुलिस ने बेगू रोड स्थित एक कन्फेक्शनरी की दुकान पर छापेमारी कर 3,300 टेपेंटाडोल गोलियां और 1,800 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद किए। इस मामले में दुकान संचालक कृष्ण कुमार सहित तीन लोगों को हिरासत में लेकर ड्रग कंट्रोल विभाग के हवाले किया गया।
पुलिस का मानना है कि तीनों मामलों की कड़ियां आपस में जुड़ी हो सकती हैं। जांच इस बात पर केंद्रित है कि नशीली दवाइयों की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी, किन मेडिकल स्टोरों के माध्यम से इसकी सप्लाई हो रही थी और इसके पीछे कौन-सा संगठित गिरोह सक्रिय है।
Sirsa, Sirsa | Jul 8, 2026