#Balrampur ! ससुराल में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, मड़हे में मिला शव...
28 वर्षीय रवि कुमार मौर्य की मौत से मचा हड़कंप, पिता ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग...
#बलरामपुर। रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम बूधीपुर के मजरा बलुआ निवासी 28 वर्षीय रवि कुमार मौर्य की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव मड़हे में धन्ने से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
मृतक की पत्नी शिव संध्या के मुताबिक, रवि पिछले करीब 15 दिनों से उनके साथ मायके में रह रहे थे। घटना वाले दिन वह अयोध्या गए थे और शाम को वापस लौटे। पत्नी ने बताया कि रवि ने शराब पी रखी थी। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई। बाद में वह बच्चों के साथ सो गईं। देर रात रवि का शव मड़हे में मिला। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
उधर, मृतक के पिता चिनकान ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी अगले दिन मिली। उन्होंने बेटे की मौत को लेकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग पुलिस से की है। रवि तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बेटे हैं।
थानाध्यक्ष अनिल कुमार दीक्षित और सीओ उतरौला डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि घटना मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के महेवा नानकार की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#balrampurpolice
Balrampur, Balrampur | Nov 17, 2026