अररिया में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रथ रवाना, जिले की सभी 211 ग्राम पंचायतों एवं नगर निकायों में करेगा भ्रमण
बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन तथा आमजन जागरूक करने के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर, अररिया से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जन-जागरूकता रथ रवाना किया गया। जिला पदाधिकारी, अररिया श्री विनोद दूहन ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया।
यह जागरूकता रथ जिले की सभी 211 ग्राम पंचायतों के साथ-साथ सभी नगर पंचायतों एवं नगर परिषद क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करेगा। रथ के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग तक बाल विवाह उन्मूलन का संदेश पहुंचाया जा सके।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री विनोद दूहन ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अररिया जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक कुरीति है, जिसका बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा एवं भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसके उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।
जिलाधिकारी आमजनों से अपील की है कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने के लिए आगे आएं तथा अपने आसपास इस प्रकार की किसी भी घटना की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों को दें। उन्होंने अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से प्रभावी बनाने तथा पंचायत एवं नगर निकाय स्तर तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, सहायक निदेशक, बाल संरक्षण इकाई, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक, जिला मिशन समन्वयक, निगम एवं जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन (डीएचईडब्ल्यू) के सभी कर्मी तथा विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
• हर जन का हो एक ही विचार, नशामुक्त हो अपना बिहार!"
• "नशा छोड़ो, परिवार जोड़ो, खुशहाली से नाता जोड़ो।"
Araria, Araria | Nov 6, 2026