कुंडलपुर में मेला लगना तय-राज्यमंत्री श्री लोधी
रुक्मिणी मठ मंदिर क्षेत्र में होंगे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन
राधा अष्टमी के अवसर पर कुंडलपुर पहुंचे प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने रुक्मिणी माता मंदिर में दर्शन कर क्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन महत्व को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कही। उन्होंने कहा कुंडलपुर में मेला लगना तय है। रुक्मिणी माता के यहां गोवर्धन पूजा सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने जिन स्थानों पर लीलाएं की हैं, उन स्थानों को चिन्हित कर जनहित में विकसित करने और उन्हें आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया है। ऐसे धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इन स्थानों तक पहुंच सकें।
उन्होंने कहा कि कण-कण में परमेश्वर विराजमान हैं। समाज में सभी लोग समान हैं, कोई ऊंचा-नीचा नहीं है। उन्होंने सभी के सुखी, निरोगी और सफल जीवन की कामना करते हुए कहा कि समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारा बना रहना चाहिए।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा काशी और मथुरा सहित देश के अन्य धार्मिक स्थलों पर भी विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने सनातन संस्कृति की परंपराओं और धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास को आगे बढ़ाने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में धार्मिक आयोजनों को लेकर उत्साह देखने को मिला।