भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति संचालनालय, भोपाल के निर्देशानुसार शासकीय ललित कला महाविद्यालय, धार में चित्रकला कार्यशाला का शुभारंभ किया गया।
कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि एवं शासकीय ललित कला महाविद्यालय, धार के जनभागीदारी अध्यक्ष श्री अतुल कालभंवर का महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा शॉल, श्रीफल, डायरी एवं पुष्प भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में इंदौर के प्रख्यात चित्रकार श्री राहुल सोलंकी का भी मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय प्राचार्य द्वारा शॉल, श्रीफल, डायरी, पुष्प एवं वाग्देवी का स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य का स्वागत एवं सम्मान महाविद्यालय के शिक्षक श्री दुर्गेश बिरथरे एवं ग्रंथपाल श्री भूपेन्द्र सिंह चौहान द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक श्री प्रेम सिंह सिकरवार ने किया।
कार्यशाला में प्रख्यात चित्रकार श्री राहुल सोलंकी ने विद्यार्थियों को चित्रकला का डेमोस्ट्रेशन देते हुए कला-संवाद एवं चित्रकला का प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को चित्रकला की बारीकियों से अवगत कराया तथा चित्रण में भारतीय संस्कृति के महत्व के बारे में जानकारी दी।
कार्यशाला में शासकीय ललित कला महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। इसके अलावा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धार, शासकीय भोज कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धार, शासकीय सांदीपनि विद्यालय धार एवं देहली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल धार के पांच-पांच विद्यार्थियों ने भी सहभागिता की। कार्यशाला में शामिल सभी विद्यार्थियों को कैनवास, रंग एवं अन्य आवश्यक कला सामग्री उपलब्ध कराई गई।
#SevaSankalpAbhiyan #सेवा_संकल्प_अभियान
Jansampark Madhya Pradesh
Dhar, Madhya Pradesh | Sep 21, 2026