➡️ प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस बैतूल में जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद कार्यक्रम आयोजित
➡️ पुलिस अधीक्षक श्री जैन की अध्यक्षता में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया प्रशिक्षण
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, ज. ह. शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बैतूल एवं मध्य प्रदेश पुलिस जिला बैतूल के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन ने की। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपुसे, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे तथा डीएसपी श्री कैलाश बारिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आपराधिक न्याय व्यवस्था, संवैधानिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति, आपदा प्रबंधन तथा मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के अंतर्गत 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सहभागिता कर विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे के स्वागत भाषण से हुआ। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपुसे ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसकेउद्देश्यों एवं उपयोगिता पर प्रकाश डाला। पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के अपराधों, उनमें आम नागरिकों के अनजाने में फंसने की परिस्थितियों तथा पुलिस की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक रहने और सतर्क नागरिक बनने का संदेश दिया।
उप निरीक्षक श्रीमती रश्मि ठाकुर ने आपराधिक न्याय व्यवस्था की प्रक्रिया तथा उसके विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी। डॉ. शंकर सातनकर ने संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों, मानवाधिकारों, राज्य के नीति-निर्देशक तत्वों तथा मौलिक कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उप निरीक्षक श्री नवीन सोनकर ने साइबर सुरक्षा, डिजिटल जागरूकता और इंटरनेट के जिम्मेदार उपयोग के संबंध में विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। प्रो. गोलू परते ने फर्स्ट रिस्पॉन्डर के रूप में पुलिस की भूमिका, आपातकालीन सेवाओं, संबंधित संस्थाओं तथा आपदा प्रबंधन के विषय में प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम में आपराधिक न्याय व्यवस्था, समावेशी समाज, महिला एवं बाल संरक्षण, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति, हिंसा निवारण तथा मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी भूमिका समझने तथा सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर, कला संकाय, विज्ञान संकाय एवं वाणिज्य विभाग से 50-50 छात्र-छात्राओं का पूर्व पंजीयन किया गया था। कार्यक्रम के पश्चात विद्यार्थियों के लिए पुलिस थाने एवं पुलिस कंट्रोल रूम के भ्रमण का भी प्रावधान रखा गया, जिससे उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली और आपातकालीन व्यवस्थाओं को निकट से समझने का अवसर मिल सके।
कार्यक्रम का मंच संचालन प्रो. संतोष पवार एवं डॉ. निहारिका भावसार ने किया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. युगल किशोर सरले, डॉ. देवी सिंह सिसोदिया, डॉ. कीर्ति वरदे, डॉ. खुशयाल देवघर, प्रो. कृष्णा गौसर, प्रो. गीता माली, प्रो. वरुण पंडोल, प्रो. योगिता भलावी, प्रो. टेपसिंग मरावी, डॉ. शिवदयाल साहू, डॉ. रश्मि अग्रवाल, प्रो. अज़ाब राव खातरकर, डॉ. भोलू सिंह मर्सकोले, डॉ. मनोज घोरसे, डॉ. साबिर खान, प्रो. राहुल सिंह ठाकुर, डॉ. पंकज बारस्कर तथा डॉ. ललित दाण्डोले सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
Betul, Madhya Pradesh | Oct 23, 2026