देहरा में सौर ऊर्जा जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर शुरू, लोगों ने पहुंचना किया शुरू #kangralive #dehra
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत मिलेगी जानकारी, पात्र उपभोक्ताओं को ₹85,800 तक की सब्सिडी का लाभ
शिविर 13 से 15 अक्टूबर तक विद्युत बोर्ड के उप मुख्य अभियंता कार्यालय, देहरा में आयोजित किया जा रहा है
देहरा। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड (HPSEBL) के ऑपरेशन सर्कल देहरा की ओर से मंगलवार को सौर ऊर्जा जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर शुरू हो गया। शिविर के पहले दिन ही लोग योजना की जानकारी लेने के लिए पहुंचने लगे हैं। यह शिविर 13 से 15 अक्टूबर तक विद्युत बोर्ड के उप मुख्य अभियंता कार्यालय, देहरा में आयोजित किया जा रहा है।
शिविर में विद्युत बोर्ड के एसई इंजीनियर कुलवीर कुमार जसल और एक्सईएन इंजीनियर बालेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान अधिकृत सोलर वेंडर और बैंक कर्मी भी मौजूद रहे, जो उपभोक्ताओं को योजना, सोलर संयंत्र की स्थापना, पंजीकरण प्रक्रिया और बैंकिंग संबंधी औपचारिकताओं की जानकारी दे रहे हैं।
शिविर का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार की पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रति लोगों को जागरूक करना और घरेलू उपभोक्ताओं को अपने घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
शिविर में उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र की क्षमता, लागत, स्थापना प्रक्रिया, ऑनलाइन पंजीकरण और सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी के बारे में जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है। योजना के निर्धारित दिशा-निर्देशों और पात्रता शर्तों को पूरा करने वाले उपभोक्ता ₹85,800 तक की सरकारी सब्सिडी का लाभ उठा सकते हैं।
सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने से घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली के बिल में बचत करने के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा, सौर ऊर्जा का उपयोग पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
विद्युत बोर्ड की ओर से आम नागरिकों, ग्राम पंचायत प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से शिविर में भाग लेकर योजना की जानकारी प्राप्त करने की अपील की गई है। शिविर 14 और 15 अक्टूबर को भी सुबह 10:30 बजे से आयोजित होगा। इच्छुक उपभोक्ता विद्युत बोर्ड के उप मुख्य अभियंता कार्यालय, देहरा पहुंचकर योजना संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
Note: पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लिए संपर्क करें : 9418081519
#KangraLive #Dehra #PMSuryaGhar #SolarEnergy #HPSEBL
Kangra, Kangra | Oct 13, 2026