*मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने छह ग्राम पंचायतों को पेयजल टैंकर किए वितरित*
---
*ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मिलेगा सशक्त आधार*
इंदौर, 10 जुलाई 2026
प्रदेश के जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने आज अपने इंदौर स्थित निज निवास कार्यालय पर ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए छह ग्राम पंचायतों को लगभग 10 लाख रुपये की लागत के पेयजल टैंकर वितरित किए। इन टैंकरों के माध्यम से ग्राम पंचायतों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ सामाजिक, धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान भी आवश्यकतानुसार पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।
मंत्री श्री सिलावट ने इस अवसर पर ग्राम पंचायत केलोदहाला, सेमलिया रायमल, खुदेल बुजुर्ग, बिलोदा नायता, पंचोला एवं शाहदा के सरपंचों एवं प्रतिनिधियों को पेयजल टैंकरों की चाबियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि वर्षभर ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते रहते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रहती है। ऐसे अवसरों पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था एक महत्वपूर्ण आवश्यकता होती है। इसके अतिरिक्त गर्मी के मौसम अथवा अन्य परिस्थितियों में यदि किसी क्षेत्र में पेयजल की आवश्यकता उत्पन्न होती है तो ये टैंकर त्वरित रूप से उपयोग में लाए जा सकेंगे। इससे ग्राम पंचायतों की कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा आम नागरिकों को समय पर पेयजल उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।
मंत्री श्री सिलावट ने ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे इन टैंकरों का उपयोग पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता एवं जनहित की भावना के साथ करें, ताकि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक इसका लाभ पहुंच सके। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग ग्रामीण विकास को नई गति प्रदान करेगा तथा ग्राम पंचायतें आत्मनिर्भर एवं अधिक सक्षम बनेंगी।
इस अवसर पर श्री हुकुम पटेल, श्री कमल पटेल, श्री मुकेश पटेल, श्री संतोष पटेल, श्री शिवपाल सिंह चावड़ा, सरपंच श्री जितेन्द्र डोडिया, श्री रुघनाथ सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे।
----
#JansamparkMP #Indore #ग्रामीणविकास #पेयजल #TulsiSilawat
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
1 views | Indore, Madhya Pradesh | Jul 10, 2026