चौरसिया समाज की एकजुटता से ही होगा सर्वांगीण विकास : राम करन चौरसिया
बस्ती। चौरसिया महासभा के प्रदेश महासचिव, चौरसिया उत्थान समिति के संरक्षक एवं समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव राम करन चौरसिया ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहा कि चौरसिया समाज की मजबूती उसकी एकजुटता में निहित है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आना होगा, तभी समाज सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से मजबूत बन सकेगा।
उन्होंने कहा कि चौरसिया समाज मेहनतकश, स्वाभिमानी और संघर्षशील समाज है। समाज के लोगों ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर पहचान बनाई है, लेकिन आज आवश्यकता इस बात की है कि समाज के सभी वर्गों को एक-दूसरे का सहयोग करते हुए आगे बढ़ाया जाए।
राम करन चौरसिया ने कहा कि चौरसिया समाज के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना, प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करना तथा जरूरतमंद परिवारों की मदद करना समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठन केवल कार्यक्रम आयोजित करने तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करें।
उन्होंने समाज के युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सेवा और संगठन के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाएं। युवा शक्ति ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा संगठित होकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेंगे तो चौरसिया समाज नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने कहा कि समाज में एकता, आपसी भाईचारा और सहयोग की भावना को मजबूत करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। किसी भी समाज की तरक्की तभी संभव है, जब उसके लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े हों और सामूहिक हितों के लिए मिलकर काम करें।
राम करन चौरसिया ने कहा कि चौरसिया महासभा और चौरसिया उत्थान समिति का उद्देश्य समाज को संगठित करना और उसके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करना है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से अपील की कि वे संगठन से जुड़ें, अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक हों तथा आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर कार्य करें।
उन्होंने विश्वास जताया कि चौरसिया समाज की एकता और सामूहिक प्रयास निश्चित रूप से समाज को नई दिशा और नई पहचान प्रदान करेंगे। आगे उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव के बारे में बताया कि समाजवादी पार्टी युवाओं के हितों के लिए हमेशा संघर्षील रही है और आने वाले चुनाव में युवा बढ़ चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। वही भारतीय जनता पार्टी ने युवाओं को केवल गुमराह किया है।
Basti, Basti | Aug 7, 2026