टोहाना में एक्सईएन कार्यालय में हंगामा, रिश्वत के आरोपों के बीच अधिकारी से हाथापाई
- बिजली कनेक्शन विवाद में बाप-बेटे ने जबरन थमाई नोटों की गड्डी, एक्सईएन ने पुलिस को दी शिकायत
फतेहाबाद।
टोहाना में सोमवार को बिजली निगम के एक्सईएन कार्यालय में बिजली कनेक्शन को लेकर जमकर हंगामा हुआ। गाजूवाला गांव के एक व्यक्ति और उसके पिता ने एक्सईएन कृष्ण कुमार के हाथ में जबरन नोटों की गड्डी थमाने का प्रयास किया। विरोध करने पर कथित तौर पर हाथापाई भी हुई। घटना का वीडियो भी सामने आया है। एक्सईएन कृष्ण कुमार ने आरोप लगाया कि चार-पांच लोग कार्यालय में आए और जबरन पैसे देने लगे। मना करने पर उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। इसके बाद उन्होंने कर्मचारियों से डायल-112 पर कॉल करने को कहा और सिविल अस्पताल में उपचार करवाने के बाद पुलिस को लिखित शिकायत दी।
वहीं, गाजूवाला निवासी देवेंद्र और उनके पिता बलवंत सिंह ने एक्सईएन पर ट्यूबवेल बिजली कनेक्शन जारी करने के बदले दो लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि वर्ष 2018 से उनका कृषि बिजली कनेक्शन लंबित है। पहले तीन लाख रुपये का एस्टीमेट बनाया गया, जिसे बाद में बढ़ाकर सवा चार लाख रुपये कर दिया गया। राशि जमा कराने के बावजूद अब तक कनेक्शन जारी नहीं किया गया। देवेंद्र ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली निगम में कथित दलाल के माध्यम से ही फाइलें आगे बढ़ाई जाती हैं। उन्होंने पूरे मामले की शिकायत बिजली मंत्री और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक को भेजते हुए एक्सईएन के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है।
उधर, एक्सईएन कृष्ण कुमार ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि संबंधित कनेक्शन पहले रद्द हो चुका था और दोबारा प्रक्रिया शुरू की गई थी। सरकारी भूमि पर लाइन गुजरने की शिकायत मिलने के कारण पैमाइश कराई गई थी। डीएचबीवीएन के निदेशक (ऑपरेशन) मुकेश चौहान का कहना है कि मामला विभाग के संज्ञान में है और इसकी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Sirsa, Sirsa | Jul 6, 2026