बाइक टकराने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो गांवों के बीच मारपीट में तीन घायल, तीन प्राथमिकी दर्ज
खिजरसराय (गया)। खिजरसराय थाना क्षेत्र के शाहबाजपुर और डमरबीघा गांव के बीच बाइक टकराने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। मामले में पुलिस ने तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर दर्जनों लोगों को नामजद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक टकराने के बाद शाहबाजपुर निवासी सचिन कुमार और डमरबीघा निवासी रामप्रवेश यादव के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इस घटना में दोनों युवक घायल हो गए।
बताया जाता है कि इसके बाद डमरबीघा गांव के दो दर्जन से अधिक लोग शाहबाजपुर स्थित सचिन कुमार के घर पहुंच गए, जहां गाली-गलौज और हंगामा किया गया। घटना की जानकारी मिलने पर दोनों गांवों के लोग आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।
विवाद यहीं नहीं थमा। आरोप है कि बाद में डमरबीघा गांव में खेत जोत रहे शाहबाजपुर निवासी टूनटून सिंह के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खिजरसराय में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए दोनों पक्षों की शिकायत पर तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है, जिसमें दर्जनों लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
प्रभारी थानाध्यक्ष गिरिधर उपाध्याय ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
वहीं, डीएसपी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।