तेजस्वी यादव ने बिहार की बाढ़ को लेकर केंद्र से मांगी 5 हजार करोड़ की विशेष सहायता
पटना। बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। तेजस्वी यादव ने अपने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से कहा कि बिहार का करीब 76 प्रतिशत भूभाग बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है और वर्तमान में 19 जिले भीषण बाढ़ की चपेट में हैं। उनके अनुसार, 20 लाख से अधिक लोग बाढ़ की स्थिति से प्रभावित हैं।
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बाढ़ के कारण पशुपालकों के मवेशियों को नुकसान पहुंचा है तथा सार्वजनिक ढांचे को भी भारी क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से हजारों करोड़ रुपये की जान-माल की क्षति हुई है और राज्य सरकार बाढ़ पीड़ितों की सहायता करने में उदासीन है।
उन्होंने केंद्र सरकार से बिहार की बाढ़ को “राष्ट्रीय आपदा” घोषित करने तथा तत्काल 5 हजार करोड़ रुपये की विशेष वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों में भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की सहायता सुनिश्चित करने की अपील की।
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बिहार का तत्काल दौरा कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेने और पीड़ितों तक तत्काल राहत पहुंचाने का भी आग्रह किया है।