कांग्रेस की बैठक में संगठन मजबूती पर मंथन, बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने का आह्वान
केंद्रीय ऑब्जर्वर विजय जांगीड़ ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव, घर-घर पहुंचकर जनसमस्याएं उठाने की अपील
कासगंज। विकासखंड बघवारी खुर्द में कांग्रेस ब्लॉक एवं मंडल कमेटी के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस के केंद्रीय ऑब्जर्वर विजय जांगीड़ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी की नीतियों, विचारधारा और संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की।
विजय जांगीड़ ने कहा कि कांग्रेस हमेशा आम जनता, किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और कमजोर वर्गों के अधिकारों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पार्टी की नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाकर उनके समाधान के लिए संघर्ष कर सकता है। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।
बैठक में विजय जांगीड़ ने भाजपा सरकार की नीतियों पर भी चर्चा करते हुए महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।
जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने तथा जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर ओमकार सिंह, मुनेन्दर पाल सिंह, मनोज पाण्डेय, अमित भैय्यू, दीपक धनगर, प्रतिभा सिंह, ऊषा पाल, गुलफाम सिंह, विमल कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।