एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित
डिंडौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं छात्र कल्याण संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डिंडौरी में कक्षा 6वीं से 12वीं तक शिक्षा प्रदान की जाती है। विद्यालय सीबीएसई से संबद्ध है तथा इसकी कुल स्वीकृत क्षमता 480 विद्यार्थियों की है, जिसमें 240 सीटें छात्रों एवं 240 सीटें छात्राओं के लिए निर्धारित हैं। विद्यालय का संचालन राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति, भोपाल द्वारा किया जाता है।
विद्यालय में केवल अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाता है। नवीन शैक्षणिक सत्र में कक्षा 6वीं के लिए 30 बालक एवं 30 बालिका सहित कुल 60 सीटों पर प्रवेश की व्यवस्था है, जिसमें 5 प्रतिशत सीटें दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए आरक्षित हैं। अन्य कक्षाओं में रिक्त सीटों पर समय-समय पर जारी निर्देशों के अनुसार प्रवेश प्रदान किया जाता है।
बैठक में जानकारी दी गई कि वर्तमान में विद्यालय में 239 छात्र एवं 238 छात्राएं अध्ययनरत हैं। इस प्रकार कुल 477 विद्यार्थियों का नामांकन दर्ज है।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए यूनिफॉर्म, शिक्षण सामग्री एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु समय रहते अनुमोदन की प्रक्रिया पूर्ण की जाए। उन्होंने आउटसोर्स कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूक एवं प्रेरित करने पर जोर दिया। साथ ही छात्र-छात्राओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास पर विशेष ध्यान देने तथा उन्हें नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखने के लिए जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित, अनुशासित एवं प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराना विद्यालय प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, प्राचार्य एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुमन परस्ते सहित अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
#anjupavanbhadoriya #dindori #JansamparkMP
16 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jun 9, 2026