जन्मदिन की खुशी में हर्ष फायरिंग, बर्थडे बॉय और ताऊ गिरफ्तार
लाइसेंसी 12 बोर बंदूक जब्त, लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई शुरू
ग्वालियर। जन्मदिन की खुशी में हर्ष फायरिंग करना बर्थडे बॉय और उसके ताऊ को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद मोहना थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक भी जब्त कर ली है। अब पुलिस बंदूक का लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई में जुटी है।
मामला मोहना थाना क्षेत्र के दौरार गांव का है। यहां बाबूलाल जाटव के बेटे रोहित का जन्मदिन था। जन्मदिन के मौके पर घर में पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी में बाबूलाल के बड़े भाई हरचरण जाटव भी अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर पहुंचे थे। ताऊ के हाथ में बंदूक देखकर रोहित जोश में आ गया और उसने हरचरण से बंदूक ले ली।
इसके बाद रोहित घर की छत पर पहुंचा और बंदूक से हवाई फायर करते हुए हर्ष फायरिंग करने लगा। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने हर्ष फायरिंग का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो पुलिस तक पहुंचने के बाद मोहना थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान शुरू की।
वीडियो के आधार पर पुलिस ने रोहित और उसके ताऊ हरचरण जाटव की पहचान कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके पर इस्तेमाल की गई 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक जब्त कर ली है। पुलिस का कहना है कि हथियार के लाइसेंस को निरस्त कराने के लिए संबंधित विभाग को प्रतिवेदन भेजने की कार्रवाई की जा रही है।