जमुई: पौधारोपन में जमुई का पूरे बिहार में प्रथम स्थान, छात्र- छात्राओं व शिक्षकों की रही अहम भूमिका
एक पेड़ माँ के नाम 3.0' अभियान में जमुई जिले ने पूरे बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जिले ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक विशाल जन-आंदोलन का रूप लेते हुए कुल 48,624 पौधों का रोपण किया है। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन और स्थानीय विद्यालयों की उत्कृष्ट भागीदारी का परिणाम है। उक्त जानकारी गुरुवार की देर शाम 7:00 बजे प्रेस रिलीज जारी कर दी गई है।
राज्य स्तर पर इस अभियान के तहत अब तक हुए कुल वृक्षारोपण की संख्या 1,24,433 दर्ज की गई है, जिसमें अकेले जमुई जिले की हिस्सेदारी लगभग 39.08 प्रतिशत रही है, जो जिले की पर्यावरण संरक्षण की अटूट प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। इस सूची में खगड़िया जिला 10,457 पौधों के साथ दूसरे स्थान पर तथा सीवान जिला 7,478 पौधों के साथ तीसरे स्थान पर रहा है।
अभियान के तहत जमुई जिले के कुल 90,007 छात्र-छात्राओं ने सीधे तौर पर अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि 4,957 शिक्षकों ने इस पूरे अभियान का अत्यंत कुशल नेतृत्व किया। इस प्रकार कुल 94,964 प्रतिभागियों के सामूहिक प्रयासों ने इस अभियान को जिले में सफल बनाया।
इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों में प्रारंभिक स्तर से ही पर्यावरणीय मूल्यों का विकास करने के उद्देश्य से संचालित इको क्लब के गठन में भी जमुई जिला 99.56 प्रतिशत कार्य पूर्णता दर के साथ राज्य स्तर पर सातवें स्थान पर मजबूती से काबिज है। वहीं अभियान के इन उत्कृष्ट और गौरवशाली परिणामों को भविष्य में भी बरकरार रखने तथा शत-प्रतिशत लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा निरंतर विभागीय समीक्षा बैठक की जा रही है।
इसके अलावे अपार कार्ड निर्माण में वर्त्तमान में जमुई जिला कुल नामांकित छात्रों के विरुद्ध 77.15 प्रतिशत अपार कार्ड निर्माण कर पूरे राज्य में छठें स्थान पर है। वहीं निजी विद्यालयों के मामले में 53.12 प्रतिशत अपार कार्ड निर्माण कर राज्य में तिसरे स्थान पर है। शेष छात्रों के अपार आई०डी० निर्माण हेतु लगातार प्रयास किया जा रहा है।
इस प्रकार जमुई जिला न केवल 'एक पेड़ माँ के नाम' और 'इको क्लब' जैसी हरित पहलों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में नए कीर्तिमान गढ़ रहा है, बल्कि 'अपार कार्ड' जैसी डिजिटल प्राथमिकताओं को भी त्वरित गति से लागू कर विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित और आधुनिक बना रहा है। #jamuitopnews #jamui #zilaprashasanjamui #dmjamui #jamuifirst
Jamui, Jamui | Jul 17, 2026