जिला पदाधिकारी, बांका की अध्यक्षता में तकनीकी पदाधिकारियों के साथ जिले में संचालित सड़क एवं आधारभूत संरचना से संबंधित महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में एनएच, बाईपास एवं अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अमरपुर बाईपास से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। परियोजना की प्रगति, भूमि एवं अन्य तकनीकी विषयों की जानकारी लेते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। साथ ही, लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
NH-333A के बौंसी–बांका पथ से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण/मरम्मत कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के अंदर कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में परियोजनाओं से जुड़े भुगतान, भूमि अधिग्रहण, तकनीकी स्वीकृति एवं अन्य लंबित मामलों पर भी चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि विकास परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब न हो तथा संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।
इसके अतिरिक्त अन्य निर्माणाधीन संरचनाओं एवं सड़कों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण करने तथा कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया गया।
Banka, Bihar | Sep 18, 2026