रोटरी क्लब कुल्लू 'वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस' और राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित।
संवाददाता - रघुबीर सिंह राणा Local Newsofindia
शिमला - निफा संस्था द्वारा शिमला स्थित लोक भवन में आयोजित भव्य सम्मान समारोह 'संवेदना-2' में रोटरी क्लब कुल्लू को रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट व अमूल्य योगदान के लिए महामहिम राज्यपाल कवींद्र गुप्ता द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्लब को 'वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस' से नवाजा गया।
उल्लेखनीय है कि 21 मार्च 2025 को शहीद भगत सिंह के 94वें शहीदी दिवस के अवसर पर निफा के तत्वाधान में देशव्यापी रक्तदान अभियान आयोजित किया गया था। इसी कड़ी में जोनल अस्पताल कुल्लू में रोटरी क्लब कुल्लू और सामाजिक संस्था 'री इमेजिन जिंदगी' के संयुक्त तत्वावधान में एकदिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था।
इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत देशभर में आयोजित 1,055 शिविरों में 1 लाख यूनिट से अधिक रक्त एकत्र किया गया। जिला कुल्लू से रोटरी क्लब कुल्लू और 'री इमेजिन जिंदगी' इस महाभियान का प्रमुख हिस्सा बने थे, जिसमें 45 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसी उत्कृष्ट कार्य के लिए दोनों संस्थाओं को राष्ट्रीय पुरस्कार हेतु नामित किया गया था, जिसे लोक भवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि पर रोटरी हिमाचल जोन डिस्ट्रिक्ट 3070 के असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन अंशुल पाराशर ने कहा कि रोटरी क्लब कुल्लू सदैव सामाजिक सरोकारों, विशेषकर रक्तदान के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान क्लब के प्रत्येक सदस्य और रोटेरियन का है, जो निष्काम भाव से समाज सेवा में समर्पित हैं।
समारोह में ये रहे उपस्थित:
कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब कुल्लू के पूर्व महासचिव रोटेरियन अभिषेक सूद, 'री इमेजिन जिंदगी' संस्था के अध्यक्ष क्रिस ठाकुर व सदस्य निशा ठाकुर, निफा के संस्थापक अध्यक्ष प्रीत पाल सिंह पन्नू, राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अश्वनी शेट्टी, राष्ट्रीय महासचिव ब्रह्म स्वरूप शर्मा और निफा के राज्य संयोजक तरुण धीमान सहित देश-प्रदेश से आए विभिन्न संस्थाओं के गणमान्य अतिथि विशेष रूप से मौजूद रहे।