अवैध शराब के निर्माण, बिक्री,परिवहन एवं भंडारण पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत बृहस्पतिवार सुबह आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने राजघाट थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी की। राप्ती नदी के किनारे अमरूद के बागों और झाड़ियों में संचालित अवैध अड्डों को ध्वस्त करते हुए टीम ने 45 लीटर कच्ची शराब बरामद की और करीब 550 किलोग्राम लहन मौके पर ही नष्ट कर दिया।उत्तर प्रदेश आबकारी आयुक्त के आदेश और जिला आबकारी अधिकारी गोरखपुर के निर्देशन में यह कार्रवाई सुबह 06:30 बजे शुरू की गई। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 (कैम्पियरगंज/अतिरिक्त प्रभार सेक्टर-2) एस. एन. वर्मा,आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 शत्रुघ्न और आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन-1 अरविंद कुमार की संयुक्त आबकारी टीम ने मय स्टाफ राजघाट थाना क्षेत्र के संदिग्ध स्थलों पर अचानक दबिश दी।छापेमारी के दौरान नदी के तटीय इलाकों,बागों व झाड़ियों में छिपाकर रखी गई भट्ठियों को आबकारी टीम ने नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत एक अभियोग पंजीकृत किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा
#abkarivibhagGorakhpur
#SNewsliveGorakhpur
Gorakhpur, Gorakhpur | Oct 29, 2026