चम्बा में 30 या अधिक कर्मचारी वाले सरकारी और निजी प्रतिष्ठानों के लिए अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण अनिवार्य
अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने दिए निर्देश, युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण और रोजगार का अवसर
चम्बा, 17 नवम्बर। युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध करवाने और उन्हें उद्योगों की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से जिला चम्बा में अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा। इस संबंध में मंगलवार को अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में जिला स्तरीय अप्रेंटिसशिप समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने, उद्योगों और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच समन्वय बढ़ाने तथा राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना (एनएपीएस) के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने निर्देश दिए कि अप्रेंटिसशिप एक्ट 1961 के तहत जिले के सभी सरकारी विभागों, निजी उद्योगों, निगमों और बोर्डों में जहां कर्मचारियों की संख्या 30 या इससे अधिक है, उन्हें अप्रेंटिसशिप पोर्टल www.apprenticeindia.gov.in पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण करवाकर प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण प्रदान करना सुनिश्चित करना होगा।
उन्होंने श्रम एवं उद्योग विभाग को इस दिशा में तेजी लाने और जिले के ऐसे सभी प्रतिष्ठानों की जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अप्रेंटिसशिप युवाओं को व्यावहारिक अनुभव देने के साथ उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। इसलिए सभी पात्र संस्थान और उद्योग इस योजना में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
प्रशिक्षुओं को मिलेगा 9,600 रुपये मासिक मानदेय
बैठक में बताया गया कि पात्र प्रतिष्ठानों में कुल कर्मचारियों की संख्या के 2.5 से 15 प्रतिशत तक प्रशिक्षुओं को रखने का प्रावधान है। आईटीआई प्रशिक्षुओं के लिए न्यूनतम मानदेय 9,600 रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है। वहीं निजी उद्योगों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को प्रशिक्षुओं के मानदेय का 25 प्रतिशत अथवा अधिकतम 1,500 रुपये प्रतिमाह प्रति प्रशिक्षु की प्रतिपूर्ति सरकार द्वारा सीधे बैंक खाते के माध्यम से की जाएगी।
अतिरिक्त उपायुक्त ने आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं से भी अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर पंजीकरण करवाने का आग्रह किया। साथ ही प्रदेश के विभिन्न आईटीआई से उत्तीर्ण युवाओं को प्राथमिकता देने के लिए प्रतिष्ठानों को प्रोत्साहित करने की बात कही।
एचआरटीसी चम्बा के प्रयासों की सराहना
बैठक के दौरान राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक चम्बा के प्रयासों की सराहना की गई। क्षेत्रीय प्रबंधक शुगल सिंह ने बताया कि योजना के तहत प्रशिक्षु निगम की कार्यशाला में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। इससे युवाओं को वास्तविक कार्य अनुभव मिल रहा है और निगम को भी तकनीकी कार्यों में सहयोग प्राप्त हो रहा है।
बैठक का संचालन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) चम्बा के प्रधानाचार्य इंजीनियर बिपन शर्मा ने किया। इस अवसर पर आईटीआई कोटी के प्रधानाचार्य राहुल राठौर, आईटीआई सलूणी के पान चंद वर्मा, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता गौरव ठाकुर, लोक निर्माण विभाग से दिनेश कुमार, डीईओ संतोष नाथ सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सभी संबंधित विभागों, उद्योगों और प्रशिक्षण संस्थानों से अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण को व्यापक स्तर पर लागू करने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने का आह्वान किया गया।
TRIBAL LIVE NEWS — The Voice of Tribal
Chamba, Chamba | Nov 17, 2026