सूर्यपुरा में भाकपा माले का प्रतिवाद मार्च, पुलिस राज और मॉब लिंचिंग के खिलाफ जताया विरोध
सूर्यपुरा में शनिवार को भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने राज्यव्यापी विरोध दिवस के तहत प्रतिवाद मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने "काम दो, रोजगार दो, महंगाई रोको, संविधान और कानून का राज स्थापित करो" जैसे नारों के साथ प्रदर्शन किया।
एरिया कमेटी सचिव अच्छेलाल पासवान ने कहा कि बिहार में सुशासन की जगह पुलिस राज, बुलडोजर कार्रवाई और फर्जी मुठभेड़ों का दौर चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मॉब लिंचिंग, जाति पूछकर हत्याओं तथा दलित, पिछड़े और गरीबों पर हमले बढ़े हैं। उन्होंने राजगीर में दो दलित युवकों की हत्या और भोजपुर के बिलौटी में भरत भूषण तिवारी के पुलिस एनकाउंटर का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम का नेतृत्व माले नेता तिलक राम ने किया। जिला कमेटी सदस्य अरविंद कुमार ने कहा कि किसी भी घटना को जाति के आधार पर नहीं देखा जाना चाहिए और सभी पीड़ितों को समान न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कानून के राज को मजबूत करने की मांग की। प्रतिवाद मार्च में तिलक राम, लक्ष्मण राम, दयानंद राम, प्रेमचंद राम, राजेश कुमार, डब्लू पासवान, छोटू कुमार, सुरेश राम, नमी राम, लालाबाबू राम, मिथिलेश पासवान, सूरजलाल पासवान, प्रमोद पासवान समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे।