डोमचांच नगर पंचायत कार्यालय परिसर में कचरा डंपिंग का विरोध, बदबू से स्थानीय लोग परेशान
डोमचांच नगर पंचायत के 14 वार्डों से निकलने वाले कचरे को इन दिनों नगर पंचायत कार्यालय परिसर के पीछे डंप किया जा रहा है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को दुर्गंध और गंदगी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर इसका विरोध जताया और कचरा आबादी से दूर किसी उपयुक्त स्थान पर डंप कराने की मांग की।लोगों का कहना है कि पहले अंबादाहा खदहान में कचरा फेंका जाता था, लेकिन वन विभाग की रोक के बाद इसे नगर कार्यालय परिसर में डंप किया जाने लगा है। इससे आसपास के घरों में रहने वाले लोगों और बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत आठ वर्षों में स्थायी कचरा निस्तारण की व्यवस्था नहीं कर सकी, जिसका खामियाजा अब आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने नगर प्रशासन से जल्द वैकल्पिक डंपिंग स्थल की व्यवस्था करने की मांग की।