**मस्जिद के मुतवल्ली नौशाद हत्याकांड का खुलासा: कुकर्म से परेशान दो नाबालिगों ने की थी हत्या**
**सहारनपुर।** चिलकाना रोड स्थित मदीना मस्जिद के मुतवल्ली नौशाद हत्याकांड का पुलिस ने करीब डेढ़ महीने बाद खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। पूछताछ में दोनों ने नौशाद की हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि नौशाद उनके साथ गलत काम करता था और काम कराने के बावजूद रुपये भी नहीं देता था। इसी से परेशान होकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस अधीक्षक सिटी व्योम बिंदल ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि 16 मई 2026 को चिलकाना रोड स्थित मदीना मस्जिद के एक कमरे में नौशाद का शव मिला था। नौशाद करीब 22 वर्षों से मस्जिद में रहकर देखरेख का काम कर रहा था और अविवाहित था। घटना स्थल से लकड़ी की बल्ली बरामद हुई थी। मृतक की नाक से खून निकल रहा था और माथे पर चोट के निशान पाए गए थे।
मृतक के भाई दिलशाद की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिर की सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में दोनों नाबालिगों ने पुलिस को बताया कि वे नौशाद के यहां काम करते थे। उनका आरोप है कि नौशाद उनके साथ कुकर्म करता था, जिससे वे लंबे समय से परेशान थे। इसी रंजिश में दोनों ने डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात से पहले तीनों के बीच हाथापाई भी हुई थी। आरोपियों ने मोबाइल का सिम तोड़कर फेंक दिया था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल डंडा भी बरामद कर लिया है।
*घटना के बाद से ही मृतक के परिजन हत्या की आशंका जता रहे थे। परिजनों का कहना था कि कमरे में संघर्ष के निशान थे और मौके से खून लगा डंडा भी मिला था। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए थे। पुलिस अब पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है*।
✍️✍️
*Rajat gupta*