बल्लभगढ़ को 64 लाख से अधिक के विकास कार्यों की सौगात,14 आरएमसी गलियों का होगा निर्माण और वार्ड 3 के प्राइमरी स्कूल में बनेगे दो नए कमरे
विधायक पं. मूलचंद शर्मा ने किया विकास कार्यों का शुभारंभ, बोले—विकास में नहीं रहेगी कोई कमी
बल्लभगढ़। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा रविवार को बल्लभगढ़ के हरि विहार पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्रवासियों को 54 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। इसके अलावा उन्होंने वार्ड 3 में भी लगभग 10 लाख से ज्यादा लागत से प्राइमरी स्कूल में बनाए जाने वाले कमरों के कार्य का शिलान्यास कियाम
इन विकास कार्यों के तहत हरि विहार कॉलोनी में 14 गलियों का निर्माण आरएमसी सहित विभिन्न आवश्यक विकास कार्य करवाए जाएंगे।
इस अवसर पर विधायक पं. मूलचंद शर्मा ने कहा कि सेवा ही संकल्प अभियान के अंतर्गत बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। हरि विहार सहित विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड और कॉलोनी में लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी और क्षेत्र की जरूरत के अनुसार आगे भी विकास कार्य करवाए जाएंगे।
विधायक पं. मूलचंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बल्लभगढ़ क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग से बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सीवर, गलियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य लगातार करवाए जा रहे हैं। उनका प्रयास है कि प्रत्येक क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और विकास कार्यों का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने विकास कार्यों के लिए विधायक पं. मूलचंद शर्मा का आभार व्यक्त किया और अपनी विभिन्न स्थानीय समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करवाने की बात कही।
इस मौके पर भाजपा नेता टिपरचंद शर्मा, पार्षद योगेश शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि मास्टर जयप्रकाश, पूर्व पार्षद हर प्रसाद गौड़, सुषमा यादव, महावीर सैनी, गजेंद्र वैष्णव, दीपक पिलवान, पवन कुमार, सचिन गर्ग, डॉ. गिर्राज सहित कॉलोनी के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसके उपरांत सेवा ही संकल्प अभियान के अंतर्गत विधायक व पूर्व केबिनेट मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा जी ने वार्ड नं 3 राजीव कॉलोनी में प्राइमरी स्कूल में 2 नए कमरे बनाने के कार्य का भी शिलान्यास किया। स्थानीय निवासियों ने विधायक श्री शर्मा का जोरदार स्वागत किया और आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर पार्षद रवि भगत, खान साहब, ओम पाल, नूतन देवी व समस्त कॉलोनी वासी मौजूद रहे।