*सूने घर का ताला तोड़ 10 लाख की चोरी, 6 लाख नकद और 4 तोला सोना ले गए बदमाश*
*परिवार गांव गया था, पड़ोसी ने सुबह टूटा ताला देखा*
सतना। शहर के नजीराबाद इलाके में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात बदमाशों ने करीब 10 लाख रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी का लॉकर तोड़कर 6 लाख रुपए नकद, करीब 4 तोला सोने के जेवरात तथा चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मकान मालिक अकील खान परिवार के साथ गांव गए हुए थे। शनिवार सुबह पड़ोसी ने घर का मुख्य ताला टूटा देखा और इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही अकील परिवार सहित वापस लौटे तो घर के सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा मिला। अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था और उसमें रखी नकदी व जेवरात गायब थे। अकील खान ने बताया कि उनकी बेटी भी घर आई हुई थी और उसके सोने के जेवरात भी चोरी हो गए। नगदी और गहनों सहित करीब 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी रावेन्द्र द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साइबर सेल और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है।