उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा के मार्गदर्शन में अर्बन एरिया पंचकूला में की गई तोड़फोड़ की बड़ी कार्यवाही
गांव टपरियां, तहसील रायपुर-रानी में एक एकड़ में पनप रही अवैध काॅलोनी में रोड नेटवर्क को जेसीबी द्वारा किया गया ध्वस्त
पंचकूला, 14 सितंबर : उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा के मार्गदर्शन में तथा जिला नगर योजनाकार, श्रीमती बबिता गुप्ता के नेतृत्व में अर्बन एरिया पंचकूला में तोड़फोड़ की बड़ी कार्यवाही की गई। इस दौरान गांव टपरियां, तहसील रायपुर-रानी में एक एकड़ में पनप रही अवैध काॅलोनी में रोड नेटवर्क को जेसीबी द्वारा ध्वस्त किया गया। उक्त कार्यवाही ड्यूटी मैजिस्ट्रेट श्री अशोक कुमार, सहायक नगर योजनाकार व श्री डिम्पी राठी, सहायक नगर योजनाकार, कनिष्ठ अभियंता विकास एवं पुलिस बल की उपस्थिति में संपन्न हुई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला नगर योजनाकार ने बताया कि उक्त अवैध काॅलोनियों पर कार्यवाही करने से पहले विभाग द्वारा नोटिस भी जारी किए गए थे, लेकिन इन अवैध निर्माणों को नहीं हटाया गया, जिस कारण विभाग को यह कार्यवाही करनी पड़ी।
उन्होंने बताया कि निर्माण करने या काॅलोनी विकसित करने से पहले निदेशक, नगर तथा ग्राम आयोजना विभाग हरियाणा से अनुमति लेना अनिवार्य है। अनुमति
लिए बिना कोई भी अवैध निर्माण या काॅलोनी विकसित की जाती है तो विभाग उसके विरूद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही जारी रखेगा।
उन्होने आम जनता से अपील की कि विभाग से सी.एल.यु/लाईसेंस की अनुमति लिए बिना काटी गई अवैध काॅलोनियों में मकान या दुकान ना लें, ताकि जनता की कड़ी मेहनत का पैसा बर्बाद न हो और अनाधिकृत अवैध निर्माणों पर रोक लग सके।
Panchkula, Panchkula | Sep 14, 2026