जमुई: जिलेभर में होगी खून की कमी यानि एनीमिया से ग्रस्त लोगों की पहचान
जिले में एनीमिया यानि खून की कमी की पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के लिए 90 दिवसीय विशेष जांच अभियान की शुरुआत की गई। एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत चलने वाला यह अभियान 25 अगस्त से 30 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा। अभियान की शुरुआत डीएम नवीन ने मंगलवार की दोपहर करीब 1:00 बजे सदर अस्पताल से की। वहीं उद्घाटन स्थल पर करीब 70 लोगों की हीमोग्लोबिन जांच कर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। अभियान के तहत जिले में 5 से 50 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों, किशोर-किशोरियों, महिलाओं और पुरुषों की हीमोग्लोबिन जांच की जाएगी। जिला प्रशासन एवं जिला स्वास्थ्य समिति ने अभियान के दौरान कुल 2 लाख 28 हजार लोगों की जांच का लक्ष्य निर्धारित किया है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच के लिए आधुनिक डिजिटल हीमोग्लोबिनोमीटर का उपयोग किया जाएगा। जांच कराने वाले प्रत्येक व्यक्ति का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, जिससे एनीमिया से प्रभावित लोगों की पहचान कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक उपचार और नियमित फॉलोअप की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। अभियान के लिए सदर अस्पताल के अलावा जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार इन स्वास्थ्य संस्थानों में लोगों की जांच की जाएगी।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि शरीर में खून की कमी को सामान्य कमजोरी समझकर नजरअंदाज नहीं करें। विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लोग इस अभियान का लाभ उठाते हुए अपनी हीमोग्लोबिन जांच अवश्य कराएं। समय पर जांच होने से एनीमिया की पहचान कर उचित उपचार शुरू किया जा सकता है। अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्यकर्मियों और सामाजिक संगठनों से भी सहयोग की अपील की गई है।
जिला प्रशासन ने अभियान का संदेश देते हुए कहा है कि एनीमिया की पहचान और समय पर जांच से स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है। अभियान के दौरान लोगों को जागरूक करते हुए संदेश दिया जा रहा है-"खून की कमी को नहीं करेंगे नजरअंदाज, जांच कराएं- स्वस्थ जमुई बनाएं।" जिला प्रशासन एवं जिला स्वास्थ्य समिति ने जिलेवासियों से अभियान में भाग लेने और अपनी हीमोग्लोबिन जांच कराने की अपील की है, ताकि निर्धारित लक्ष्य को पूरा करते हुए जमुई को एनीमिया मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सके। #jamuitopnews #jamuibihar #dmjamui
Jamui, Jamui | Aug 27, 2026