#भरतपुर। बयाना कस्बे के लाल बाग स्थित खादी भंडार के पीछे खेत में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। खेत में रखी बाजरे की कड़बी में लगी आग तेज हवा के चलते पास ही बने किसान के छप्परपोश घर तक जा पहुंची। इस अग्निकांड में किसान संजय सिंह को करीब ढाई लाख रुपए का भारी नुकसान उठाना पड़ा है। संजय सिंह ने खेती के लिए खादी भंडार संस्था के खेत किराए पर ले रखे हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में खड़ी एक बाइक, अनाज, खाद के कट्टे, कपड़े, बिस्तर, बर्तन और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर नगर पालिका की दमकल गाड़ी भी मौके पर पहुंची, जिसके बाद दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
Bharatpur, Bharatpur | Nov 15, 2026