बोकारो जिला के फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में पेवर ब्लॉक पथ और मुख्य मार्गों पर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को लेकर बेरमो प्रशासन ने अब कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। बुधवार को बेरमो अंचलाधिकारी संजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में नगर परिषद, बेरमो थाना और अंचल कार्यालय की संयुक्त टीम अतिक्रमण के विरुद्ध सड़क पर उतरी। त्योहारी सीजन के बीच प्रशासन की इस अचानक और सख्त कार्रवाई से बाजार के दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। संयुक्त टीम ने फुसरो बाजार के फ्लाईओवर के दोनों छोर से होते हुए सब्जी मंडी तक पैदल मार्च किया। इसके उपरान्त फुसरो बाजार का भी पैदल मार्च कर सड़क और फुटपाथ तक सामान फैलाकर दुकान लगाने वालों को सख्त हिदायत दी गई। प्रशासन ने सभी अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे दो दिनों के भीतर खुद ही अतिक्रमण हटा लें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि दो दिन बाद टीम पुनः आएगी और जो भी दुकानें तय सीमा से बाहर मिलेंगी, उनका सारा सामान जब्त कर लिया जाएगा।
Dhanbad Cum Kenduadih Cum Jagata, Dhanbad | Oct 7, 2026