सात दिन से नहीं उठा कूड़ा, पार्षद पवन बठला ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
रेवाड़ी: शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान व्यवस्था को लेकर नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। रेवाड़ी शहर के कई वार्डों, विशेषकर वार्ड नंबर 10, में पिछले 5 से 7 दिनों से घरों से कूड़ा नहीं उठने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गलियों और घरों के बाहर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिससे गंदगी के साथ-साथ बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
इस समस्या को लेकर वार्ड नंबर 10 के नगर पार्षद पवन बठला ने नगर परिषद और संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। पवन बठला का कहना है कि जब नगर परिषद ने डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का ठेका दिया हुआ है, तो इसकी जिम्मेदारी जनता या पार्षदों की कैसे हो सकती है।
पार्षद पवन बठला ने कहा कि लोगों को यह कहना कि “आप ड्राइवर भेज दो”, बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और गैर-जिम्मेदाराना रवैया है। उनका कहना है कि अगर कूड़ा उठाने का काम ठेकेदार को सौंपा गया है तो वाहन, ड्राइवर और कर्मचारियों की व्यवस्था करना भी ठेकेदार की ही जिम्मेदारी है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर जनता अपने घरों का कूड़ा कहां रखे? क्या लोग कई-कई दिनों तक अपने घरों में कूड़ा जमा करके रखें? उन्होंने कहा कि यह केवल सफाई व्यवस्था का मामला नहीं है, बल्कि शहर की स्वच्छता और लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय है।
पवन बठला ने नगर परिषद से मांग की है कि प्रभावित वार्डों में तत्काल कूड़ा उठान व्यवस्था बहाल की जाए और कई दिनों से जमा कूड़े को तुरंत उठवाया जाए। साथ ही उन्होंने ठेकेदार की लापरवाही की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और संबंधित अधिकारियों की भी जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
पार्षद का कहना है कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा पैदा न हो, इसके लिए नगर परिषद को स्थायी और प्रभावी व्यवस्था बनानी चाहिए।
पवन बठला ने साफ कहा कि रेवाड़ी की जनता साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं के लिए किसी एहसान की मांग नहीं कर रही, बल्कि अपने अधिकार की मांग कर रही है।
Rewari, Rewari | Aug 30, 2026