कांग्रेस में बागियों को राखी गौतम की दो टूक चेतावनी
कोटा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने बागी तेवर दिखा रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिसे पार्टी से असंतोष है, वह अभी बाहर जाने के लिए स्वतंत्र है, लेकिन कांग्रेस के सिंबल और बैनर पर चुनाव जीतने के बाद बगावत या संगठन विरोधी गतिविधियां किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
राखी गौतम ने कहा कि संगठन में जिन्हें भी जिम्मेदारी दी गई है, उन्हें पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ काम करना होगा। पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पिछले बोर्ड से लिया सबक
कांग्रेस का यह सख्त रुख पिछले नगर निगम बोर्ड के अनुभवों से जोड़कर देखा जा रहा है। पिछले बोर्ड में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर मेयर बने राजीव अग्रवाल बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। उनके साथ कांग्रेस के कई पार्षदों और नेताओं के भी पाला बदलने की बात सामने आई थी।
अब कांग्रेस संगठन इस बार पुराने घटनाक्रम को दोहराने के मूड में नहीं है। नगर निगम चुनाव से पहले ही जिलाध्यक्ष राखी गौतम का यह कड़ा संदेश साफ संकेत दे रहा है कि टिकट कांग्रेस का होगा तो निष्ठा भी कांग्रेस के प्रति ही रखनी होगी।
सियासी संदेश साफ है—पार्टी में रहना है तो संगठन के साथ चलना होगा, बगावत की गुंजाइश नहीं।
Ladpura, Kota | Aug 16, 2026