डेंगू लार्वा सर्वे अभियान में 837 घरों की जांच, 17 घरों में मिला लार्वा
..
डेंगू लार्वा सर्वे अभियान में 837 घरों की जांच, 17 घरों में मिला लार्वा
62 संदिग्ध मरीजों की डेंगू जांच, सभी की रिपोर्ट निगेटिव
..
जिले में डेंगू के संक्रमण की रोकथाम एवं मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार डेंगू लार्वा सर्वे अभियान चलाया जा रहा है। मलेरिया विभाग की टीम द्वारा विदिशा शहरी क्षेत्र के वैस दरवाजा, बजरिया, खाई रोड एवं कोहेफिजा सहित ग्रामीण क्षेत्रों के बासौदा, त्योंदा, कुरवाई एवं पीपलखेड़ा में डेंगू लार्वा सर्वे किया गया।
सर्वे के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कुल 837 घरों में पहुंचकर पानी के कंटेनरों एवं संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों की जांच की। जांच में 17 घरों में डेंगू का लार्वा पाया गया। टीम द्वारा मौके पर ही कीटनाशक दवा के माध्यम से लार्वा को नष्ट कराया गया। साथ ही संबंधित परिवारों को घर एवं आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
हर सप्ताह पानी के कंटेनरों की करें जांच -
स्वास्थ्य विभाग ने जनसमुदाय से अपील की है कि अपने घरों में रखे सभी पानी के कंटेनर, कूलर, फ्रिज, गमले, पानी की टंकियां, पुराने टायर सहित अन्य स्थानों की प्रति सप्ताह जांच करें, ताकि कहीं एडीज मच्छर का लार्वा न पनप रहा हो। पानी के ऐसे बर्तनों एवं पात्रों को नियमित रूप से खाली कर साफ करें। बड़े पानी के कंटेनर जिनकी नियमित सफाई या ढंकना संभव नहीं है, उनमें प्रति सप्ताह मीठा तेल डालने की सलाह दी गई है।
मच्छरों से बचाव के लिए सावधानी जरूरी -
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से मच्छरों के काटने से बचाव के लिए पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने की अपील की है। दिन के समय बच्चों एवं वृद्धों को भी मच्छरदानी के अंदर सोने की सलाह दी गई है। इसके अलावा मॉस्किटो कॉइल का उपयोग तथा शाम के समय नीम की पत्तियों का धुआं करने जैसे उपाय अपनाने की बात कही गई है।
लक्षण दिखाई देने पर तत्काल कराएं जांच -
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, शरीर पर चकत्ते, मांसपेशियों एवं जोड़ों में दर्द तथा नाक या मसूड़ों से रक्तस्राव जैसे लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। डेंगू की जांच जिला चिकित्सालय विदिशा एवं अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय विदिशा में डेंगू एलाइजा टेस्ट के माध्यम से निःशुल्क कराई जा सकती है।
62 मरीजों की जांच, सभी रिपोर्ट निगेटिव -
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 सितंबर को कुल 62 मरीजों की डेंगू जांच की गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर इनमें से एक भी मरीज डेंगू पॉजिटिव नहीं पाया गया। विभाग द्वारा डेंगू के संभावित संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए लार्वा सर्वे, लार्वा नष्ट करने तथा जनजागरूकता गतिविधियों को लगातार जारी रखा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों एवं आसपास पानी जमा न होने दें और डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी सावधानियों का पालन करें। सामूहिक प्रयासों से जिले में डेंगू के संचरण एवं प्रसार को कम करने में प्रभावी सहयोग किया जा सकता है। #Vidisha
Vidisha, Madhya Pradesh | Sep 9, 2026